बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी, झाविमो का भाजपा में विलय

रिपोर्ट -पवन मोदी 



झारखंड की राजनीति ने आज एक बार फ़िर करवट ली। राज्य के पहले मुख्यमंत्री रहे दिग्गज नेता बाबूलाल मरांडी अपने कार्यकर्ताओं के साथ फ़िर से भाजपा में शामिल हो गये। उन्होंने अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा का भाजपा में विलय कर दिया। रांची में हुए इस विलय कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह , राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के साथ ही राज्य भाजपा के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। भाजपा की दोबारा सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी अगर उन्हें झाडू लगाने का काम भी देगी , तो उसे भी वो करने की लिए तैयार हैं। पार्टी से उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है। इस बारे में उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अवगत करा दिया है।


उधर इस मौके पर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा में बाबूलाल मरांडी को पूरा सम्मान दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में बाबूलाल मरांडी को जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। काफ़ी समय से भाजपा में बाबूलाल मरांडी के शामिल होने की चर्चा चल रही थी, जो अन्ततः आज सिरे तक चढ़ गई। पार्टी को उम्मीद है कि बाबूलाल मरांडी के भाजपा में फिर से शामिल होने से आदिवासियों में उसका सकारात्मक सन्देश जाएगा, जिसका पार्टी को बड़ा फ़ायदा होगा।