भाजपा की कथनी और करनी एक - पीएम मोदी

रिपोर्ट - पवन मोदी




प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोयला नगरी धनबाद में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो वो कहती है, वो करती भी है। पिछले छह महीने में भाजपा ने दिखाया है कि संकल्प चाहें कितने ही बड़े क्यों ना हों, कितने भी मुश्किल क्यों ना हों, उन्हें पूरा करने के लिए भाजपा दिन रात एक कर देती है। हम चैन से नहीं सोते हैं। देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए हम हर पल अपने आपको मिटाते रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे पहले पार्टियों के घोषणा पत्र महज दिखावे के लिए होते थे। चुनाव के बाद पार्टियां उन्हें भूल जाया करती थीं। कांग्रेस ने देश में ऐसा राजनैतिक माहौल बना दिया था कि लोगों का पार्टियों के घोषणा पत्र से भरोसा ही उठ गया। लेकिन भाजपा ने अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र बनाया है और उसे पूरा करने के लिए दिन रात एक कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हमेशा से रणनीति रही है कि मुश्किल फ़ैसलों को टालते रहो, उन पर राजनीति करते रहो । कांग्रेस के साथ जेएमएम, राजद और वामदल हमेशा यही करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अगर झारखण्ड  को कुछ दिया है, तो वो है धूल, धुआं और धोखा। यहां से कोयला निकलता रहा, लेकिन यहां की जनता को प्रदूषण में छोड़ दिया गया। सुविधाओं के अभाव में छोड़ दिया गया। यही कारण है कि आज झारखण्ड समेत पूरा देश भाजपा पर भरोसा कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखण्ड की जनता इस बार भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि १९४७ में भारत के टुकड़े हो गये। १९७१ में पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश बना। इन दोनों ही मौकों पर वो लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए , जो इन क्षेत्रों में अल्पसंख्यक थे।  इनमें अधिकतर हिदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई थे। हिन्दुओं में भी ज्यादातर दलित थे। उन पर काफ़ी अमानवीय अत्याचार हुए । उनकी सम्पति लूटी गयी। उनके धार्मिक स्थलों पर कब्जा कर लिया गया। उनकी बच्चियों के साथ अत्याचार हुआ। इससे दुखी होकर लाखों लोग भारत आये।  इस उम्मीद में कि उन्हें यहां सहारा मिलेगा। लेकिन वर्षों तक उनके साथ राजनीति होती रही । नागरिकता के नाम पर उन्हें धोखा दिया जाता रहा। लेकिन नागरिकता संशोधन बिल के संसद में पास हो जाने के बाद अब उन्हें देश की नागरिकता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि बांटो और राज करो, यह काग्रेस की नीति रही है और आज नागरिकता संशोधन बिल के बहाने कांग्रेस असम और त्रिपुरा में आग लगाने का  काम कर रही है। लेकिन मैं पूर्वोत्तर के लोगों को भरोसा देता  हूं कि उनके हक पर कोई आंच नहीं आने दूंगा। उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उनके अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत की पूरी तरह से रक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड में केन्द्र और राज्य सरकार ने पिछले पांच सालों में जितना काम किया है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। पिछले कुछ दिनों के झारखण्ड दौरे के अनुभव से मैं भरोसे के आधार पर कह सकता हूं कि झारखण्ड की जनता भाजपा को इस बार भारी बहुमत से जिताएगी।